दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
नाहन शहर में कारों के टायर चोरी की घटनाओं के बाद अब अज्ञात बदमाशों ने मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दहशत फैला दी है। यशवंत विहार कॉलोनी में आधी रात सडक़ किनारे खड़ी एक बाइक को पहले चोरी करने का प्रयास किया गया, लेकिन असफल रहने पर आरोपी ने उसमें आग लगा दी। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार यशवंत विहार स्थित शाही मिष्ठान के सामने खड़ी मोटरसाइकिल (एचपी-18बी-4338) को रात करीब एक बजे एक युवक ने कई बार स्टार्ट करने की कोशिश की। जब बाइक स्टार्ट नहीं हुई तो उसने उससे पेट्रोल निकालने का प्रयास किया। इसके बाद आरोपी ने बीड़ी जलाकर उसकी जलती तीली बाइक पर फेंकी।
पहली बार आग नहीं लगी तो उसने दो-तीन बार और कोशिश की और अंतत: मोटरसाइकिल धू-धू कर जल उठी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मोटरसाइकिल मालिक ने सदर थाना नाहन में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसआई जसविंदर सिंह मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। घटना के बाद शहर में सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पर्याप्त पार्किंग न होने से लोग अपने वाहन सडक़ किनारे खड़े करने को मजबूर हैं, जिससे ऐसे अपराधों की आशंका बढ़ रही है। हाल ही में कारों के टायर चोरी की घटनाओं के बाद अब बाइक जलाने की वारदात ने वाहन मालिकों की चिंता और बढ़ा दी है।