10 से 250 रुपए तक की राखियां उपलब्ध, सोने-चांदी की राखियां भी बनीं आकर्षण
वरिष्ठ संवाददाता-रामपुर बुशहर
रक्षाबंधन पर्व नजदीक आते ही रामपुर के मुख्य बाजार में रौनक बढ़ गई है। बाजार में राखियों की खरीदारी के लिए महिलाएं और युवतियां दुकानों का रुख कर रही हैं। बुधवार को बाजार में कई महिलाएं और युवतियां विभिन्न डिजाइनों की राखियां खरीदती नजर आईं। राखियों की अलग-अलग कीमत और आकर्षक डिजाइन ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। इस बार बाजार में 10 रुपए से लेकर 250 रुपए तक की राखियां उपलब्ध हैं। इसके अलावा सोने और चांदी की राखियां भी ग्राहकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। दुकानदारों ने बच्चों, युवाओं और महिलाओं की पसंद को ध्यान में रखते हुए विभिन्न रंगों और डिजाइनों की राखियां मंगवाई हैं। साधारण राखियों के साथ मोती, स्टोन और अन्य सजावटी सामग्री से तैयार आकर्षक राखियां भी बाजार में उपलब्ध हैं।
महिलाओं में पूजा देवकन्या, सीमा देवी, सरिता ममता, प्रीति नेगी, बबली, सुषमा, रेखा, अनीता, नेहा, सरोज और मीना का कहना है कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का पर्व है। इस दिन बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। पहले रक्षाबंधन पर साधारण धागे की राखी बांधने का चलन था, लेकिन समय के साथ बाजार में राखियों के डिजाइन और स्वरूप में भी काफी बदलाव आया है। रक्षाबंधन में कुछ ही दिन शेष रहने के कारण रामपुर और आसपास के बाजारों में राखियों की बिक्री में तेजी आई है। दुकानदारों को आने वाले दिनों में बिक्री और बढऩे की उम्मीद है। राखियों के अलावा त्योहार से जुड़ी अन्य सामग्री की खरीदारी भी बढऩे लगी है। पर्व को देखते हुए बाजार में आज भी ग्राहकों की संख्या बढऩे की संभावना है।