बिलासपुर में तंबाकू बेचने पर 63 के काटे चालान

स्वास्थ्य और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों ने लिया एक्शन; बीस हजार जुर्माना वसूला, नियम न तोडऩे की दी हिदायत
निजी संवाददाता-चांदपुर
जिला बिलासपुर में तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान को रोकने के लिए स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों ने विशेष अभियान चलाया। जिला तथा चारों विकासखंडों की उडऩदस्ता टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 की धारा 4 तथा धारा 6(क) और 6(ख) के उल्लंघन पर कुल 63 चालान किए गए और 20,000 रुपए की जुर्माना राशि वसूल की गई। जिला स्तरीय टीम का नेतृत्व जिला कार्यक्रम अधिकारी दीपक गुरुंग और विशेष कार्यबल टीम ने किया। वहींए विकासखंड स्तर पर संबंधित खंड चिकित्सा अधिकारियों के नेतृत्व में टीमों ने दुकानों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान तंबाकू उत्पादों की बिक्री, सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री से जुड़े नियमों की जांच की गई। टीमों ने दुकानदारों को स्पष्ट रूप से बताया कि शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं की जा सकती।

दुकानदारों को यह भी जानकारी दी गई कि ऐसे स्थानों पर तंबाकू उत्पाद बेचने वाले प्रतिष्ठानों को तंबाकू उत्पादों की बिक्री के लिए लाइसेंस जारी नहीं किया जा सकता। टीम ने दुकानदारों से नियमों का पालन करने और बच्चों एवं युवाओं को तंबाकू उत्पादों से दूर रखने में सहयोग करने की अपील भी की। अभियान के दौरान खुली या ढीली सिगरेट की बिक्री को लेकर भी दुकानदारों को चेतावनी दी गई। हिमाचल प्रदेश तंबाकू विनियमन अधिनियम 2016 के तहत खुली सिगरेट बेचने पर 5,000 रुपये तक का जुर्माना किया जा सकता है। टीम ने दुकानदारों को निर्देश दिए कि नियम न तोड़ें। वहीं उन्होंने कहा कि यदि कोई नियम तोड़ता है तो सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं विभाग ने इस दौरान चालान काटे।

दबट के पास 10 लीटर अवैध शराब बरामद
नयनादेवी। पुलिस थाना कोट कहलूर की टीम द्वारा गश्त के दौरान एक व्यक्ति से 10 लीटर अवैध शराब बरामद की है। जानकारी के अनुसार पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इस दौरान जब पुलिस दबट के पास पहुंची तो एक व्यक्ति को संदिग्ध परिस्थितियों में देखा। जिस पर पुलिस ने उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उससे 10 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। आरोपी की पहचान विक्रम सिंह निवासी दबट डाकघर मजारी तहसील श्री नयना देवी के रूप में हुई है। एसण्पीण् बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध थाना केाट कहलूर में मामला दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

जकातखाना चौक पर चिट्टे के साथ चालक गिरफ्तार
स्वारघाट। जिला बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम (एसडीटी) ने स्वारघाट थाना क्षेत्र के जकातखाना चौक फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान एक बोलेरो कैंपर की तलाशी ली। तलाशी में वाहन चालक के कब्जे से 7.89 ग्राम चिट्टा/ हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान निवासी बरमाणा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस थाना स्वारघाट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।