मुंबई। अवॉर्ड-विनिंग मराठी थ्रिलर फिल्म गोंधळ का पारंपरिक लोकगीत एक चिमणा चिवचिवाला अब ‘चिमणा’ नाम से नये अंदाज में रिलीज किया गया है। इस गीत में लोकप्रिय रैपर बादशाह ने अपने सिग्नेचर रैप का तडक़ा लगाया है। फिल्म गोंधळ ने 2026 के फिल्मफेयर मराठी अवॉड्र्स में 19 नामांकनों में से छह पुरस्कार हासिल किए हैं। फिल्म 56वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (आईएफएफआई) गोवा 2025 में भी प्रदर्शित की जा चुकी है। फिल्म को आईएमडीबी पर 9.0 की रेटिंग मिली है। अब यह मराठी थ्रिलर हिंदी समेत चार अन्य भाषाओं में रिलीज के लिये तैयार है। चिमणा में पारंपरिक महाराष्ट्रीयन लोकसंगीत और समकालीन हिप-हॉप का मेल देखने को मिलता है।
दिव्या कुमार, बादशाह, नागेश मोरवेकर और नेहा खान की आवाजों से सजे इस गीत में मूल लोकधुन की आत्मा को बरकरार रखते हुए उसे आधुनिक संगीत का रूप दिया गया है। बादशाह ने कहा कि भारत के रीजनल म्यूजिक में आज भी अपनी मिट्टी की असली खुशबू और रूह बसी हुई है। हमारी कोशिश है कि गोंधळ और ऐसी ही लोक परंपराओं को देसी हिप-हॉप के जरिए नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाए। संतोष दावखर के निर्देशन में बनी ‘गोंधळ’ की कहानी, पटकथा और संवाद भी उन्होंने ही लिखे हैं। फिल्म का निर्माण दावखर फिल्म्स ने किया है और दीक्षा दावखर सह-निर्माता हैं। फिल्म में किशोर कदम, इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी, निषाद भोईर, अनुज प्रभु, माधवी जुवेकर और ऐश्वर्या शिंदे प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी ऑब्सेशन, परंपरा और धोखे के इर्द-गिर्द घूमती है। युवा दुल्हन सुमन अपने प्रेमी सरजेराव के गोंधळ अनुष्ठान के प्रति जुनून को हथियार बनाती है और एक पवित्र परंपरा को खतरनाक साजिश में बदल देती है। फिल्म का संगीत दिग्गज संगीतकार इलैयाराजा ने दिया है। चिमणा के जरिए पारंपरिक लोकसंगीत और आधुनिक रैप के मेल ने फिल्म के संगीत को नया आयाम दिया है।