क्रीसेंट स्कूल के खिलाडिय़ों ने जीते नौ पदक

राज्य ग्रैपलिंग चैंपियनशिप में छात्रों ने प्रतिभा का किया शानदार प्रदर्शन, राष्ट्रीय चैंपियनशिप में चयन

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी के इंदिरा गांधी खेल परिसर में 15 और 16 अगस्त को आयोजित राज्य स्तरीय ग्रैपलिंग चैंपियनशिप में क्रीसैंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल टुटू के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 9 पदक अपने नाम किए। खिलाडिय़ों ने प्रतियोगिता में 6 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य पदक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता के दौरान क्रीसैंट स्कूल के खिलाडिय़ों ने विभिन्न मुकाबलों में अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया। खिलाडिय़ों ने कड़े मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए।

उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर क्रीसैंट स्कूल के इन खिलाडिय़ों का चयन आगामी राष्ट्रीय ग्रैपलिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में खिलाड़ी हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्कूल और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाचार्य डॉ. सुभाष चंद ने सभी पदक विजेता खिलाडिय़ों को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने खिलाडिय़ों के प्रशिक्षकों और अभिभावकों के योगदान की भी सराहना की। प्रधानाचार्य ने खिलाडिय़ों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।