बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधा रक्षा सूत्र, मुफ्त बस यात्रा से बढ़ी आवाजाही
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-रामपुर बुशहर
भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व रामपुर उपमंडल में शुक्रवार को हर्षोल्लास और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में उत्सव का माहौल रहा। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना की, जबकि भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर उनके प्रति अपने स्नेह का इजहार किया। रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं और युवतियों ने प्रदेश सरकार की ओर से उपलब्ध करवाई गई मुफ्त बस यात्रा सुविधा का भी जमकर लाभ उठाया। बसों में महिलाओं की आवाजाही बढ़ी रही। सरकारी अवकाश होने के कारण कर्मचारियों और आम लोगों को भी परिवार के साथ पर्व मनाने का पर्याप्त अवसर मिला। रक्षाबंधन से एक दिन पहले रामपुर के मुख्य बाजार में त्योहारी खरीदारी को लेकर खूब चहल-पहल रही। बाजार में सुबह से ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी। विशेषकर राखी, मिठाई, पूजा सामग्री और उपहारों की दुकानों पर लोगों की काफी भीड़ देखने को मिली। बहनों ने अपने भाइयों के लिए पसंदीदा राखियों की खरीदारी की, वहीं मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी रही।
10 से 300 रुपए तक की राखियां बनीं आकर्षण का केंद्र
इस बार बाजार में 10 रुपए से लेकर 300 रुपये तक की विभिन्न डिजाइनों और रंगों वाली आकर्षक राखियां उपलब्ध रहीं। बच्चों और युवाओं की पसंद को ध्यान में रखते हुए दुकानदारों ने कार्टून कैरेक्टर, मोती, स्टोन और अन्य सजावटी सामग्री से सजी राखियां दुकानों में सजाई थीं। राखियों के साथ बहनों और परिवारों ने रोली, चावल, पूजा सामग्री, मिठाइयां और भाइयों के लिए उपहार भी खरीदे। त्योहार से पहले बाजार में बढ़ी खरीदारी से दुकानदारों के चेहरे भी खिले नजर आए। व्यापारियों ने बताया कि रक्षाबंधन को लेकर इस बार बाजार में अच्छी रौनक रही और लोगों ने उत्साह के साथ खरीदारी की।