देवामानल-आइगी सडक़ बदहाल नकदी फसलों की ढुलाई पर संकट

निजी संवाददाता-नौहराधार
भारी बारिश के बीच नौहराधार क्षेत्र की देवामानल-आइगी सडक़ की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। जगह-जगह गड्ढों, कीचड़ और क्षतिग्रस्त हिस्सों के कारण किसानों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन दिनों क्षेत्र में टमाटर, मूली, शिमला मिर्च, अदरक, आलू और बीन्स जैसी नकदी फसलों का सीजन चल रहा है। खराब सडक़ के कारण किसानों को उपज मंडियों तक पहुंचाने में दिक्कत हो रही है। वाहन चालकों के अनुसार पहले पिकअप में 40 से 50 कट्टे या नग आसानी से ले जाए जाते थे, लेकिन अब जोखिम को देखते हुए 20 से 25 नग ही लादे जा रहे हैं। इससे किसानों को अतिरिक्त चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और ढुलाई खर्च लगभग दोगुना हो गया है।

वाहन चालक जयदत्त शर्मा ने बताया कि खराब सडक़ से वाहनों के टायर, सस्पेंशन समेत अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंच रहा है। किसान प्रमोद शर्मा ने जल्द सडक़ की मरम्मत करवाने की मांग की है। पंचायत प्रधान संगीता पुंडीर ने बताया कि विभाग को समस्या से अवगत करवाया गया है। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता खजान सिंह ने बताया कि टीम ने मौके का निरीक्षण कर लिया है और मार्ग बहाली के लिए मशीनरी भेजी जा रही है।