नाहन में 15.20 करोड़ के विकास कार्य शुरू

विधायक सोलंकी ने दो सडक़ परियोजनाओं का किया भूमि पूजन, बर्मापापड़ी स्कूल में एमडीएम शेड का उद्घाटन

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
नाहन विधानसभा क्षेत्र में विकास को गति देते हुए विधायक अजय सोलंकी ने बुधवार को 15.20 करोड़ रुपए की लागत के तीन विकास कार्यों की शुरुआत की। इनमें दो सडक़ परियोजनाओं का भूमि पूजन और राजकीय विद्यालय बर्मापापड़ी में करीब तीन लाख रुपये की लागत से निर्मित एमडीएम सामूहिक टीन शेड का उद्घाटन शामिल है। विधायक ने ग्राम पंचायत आमवाला सैनवाला में सैनवाला-बोगरिया-झमीरिया-देवीवाला-चारूवाला 11.5 किलोमीटर सडक़ के निर्माण का भूमि पूजन किया। करीब सात करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस सडक़ से क्षेत्र के गांवों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। इसके अलावा बर्मापापड़ी से माजरी तक 8.77 किलोमीटर सडक़ के अपग्रेडेशन व सुधार कार्य का भी शुभारंभ किया गया।

इस पर करीब 8.17 करोड़ रुपए खर्च होंगे। अजय सोलंकी ने कहा कि दोनों सडक़ परियोजनाओं का शिलान्यास मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने किया था और अब निर्माण कार्य धरातल पर शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र को प्रदेश में सडक़ों से संबंधित सबसे अधिक फोरेस्ट क्लीयरेंस प्राप्त हुई हैं। बर्मापापड़ी स्कूल में एमडीएम शेड बनने से विद्यार्थियों को मध्याह्न भोजन के दौरान बेहतर सुविधा मिलेगी। इस दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नाहन का संतुलित और समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है।