देवियों के आशीर्वाद को उमड़े भक्त

8000 श्रद्धालुओ ने किए माता बज्रेश्वरी के दर्शन
कांगड़ा। श्रावण अष्टमी मेले के सातवें दिन नगरकोट माता बज्रेश्वरी देवी मंदिर में भारी बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं की भीड़ में कोई कमी नहीं आई। श्रद्धालु बारिश में भीगते हुए, दंडवत व ढोल नगाड़ों के साथ नाचते गाते हुए मंदिर पहुंच रहे थे। मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं का आना जारी हो गया था, जो कि दिनभर चला रहा। वहीं, मंदिर प्रशासन भी पूरी तरह से मुस्तैद दिखा। मंदिर अधिकारी प्रकाश ठाकुर ने बताया कि श्रावण अष्टमी मेले के सातवें दिन लगभग 8000 श्रद्धालुओ ने मां के दर्शन किए। वही छठे दिन की के चढ़ावे की गणना के अनुसार एक लाख 69 हजार 814 रुपए श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर में दान किए गए।

ज्वालामुखी मंदिर में भक्तों का उमड़ा सैलाब

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- ज्वालामुखी
विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में श्रावण अष्टमी नवरात्र के चलते भक्तों की सुविधा के लिए माता रानी के दरबार सुबह 5:00 बजे खोले जा रहे हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा यात्री दर्शन कर सके। मंदिर अधिकारी तहसीलदार अजय मंडयाल ने बताया कि भारी संख्या में श्रद्धालु मां के दरबार में आए और उन्हें सुविधापूर्वक दर्शन करवाए गए। उन्होंने कहा कि छठे नवरात्र में मां के भक्तों ने कुल 532926 का चढ़ावा मां ज्वालामुखी के चरणों में अर्पित किया है। इसके अलावा लगभग 25000 श्रद्धालुओं ने माता रानी के परिवार सहित दर्शन करके पुण्य फल प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले एक-दो दिन में और ज्यादा भीड़ होने की संभावना है, जिसके लिए मंदिर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर रखी है। उन्होंने पुलिस विभाग से भी आग्रह किया है कि वे भी समय-समय पर आकर मंदिर प्रशासन की मदद करें और यात्रियों को सुविधापूर्वक और सुरक्षित दर्शन करवाने के लिए सहयोग करें। उन्होंने शहर के लोगों से भी सहयोग की अपेक्षा की है, ताकि बेहतर व्यवस्था यहां मंदिर परिसर में बनी रहे।