नई दिल्ली। फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो ने अपने प्लेटफॉर्म पर सूचीबद्ध रेस्तरां द्वारा एनालॉग डेयरी वाले व्यंजनों की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। कंपनी ने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में एनलॉग व्यंजनों के लिए जीरो-टॉलरेंस नीति की घोषणा करते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी रेस्तरां को प्लेटफॉर्म से हटाने का अधिकार उसके पास सुरक्षित रहेगा। इसमें कहा गया है कि जिन व्यंजनों के बारे में रेस्तरां पार्टनर्स ने बताया है कि उनमें एनलॉग डेयरी शामिल है, उन्हें तत्काल प्रभाव से प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है। जोमौटो का कहना है कि यह कदम ग्राहकों को प्राथमिकता देने की दिशा में उठाया गया है, जो पारदर्शिता और खाद्य गुणवत्ता के प्रति जोमैटो की प्रतिबद्धता से प्रेरित है। रेस्तरां पार्टनर को तुरंत सुधारात्मक कदम उठाने की सलाह दी गयी है।
उन्हें प्राकृतिक डेयरी उत्पादों का इस्तेमाल शुरू करना होगा। यदि ऐसा करना तत्काल संभव नहीं है, तो मेन्यू से एनालॉग डेयरी उत्पादों वाले व्यंजनों को हटाना होगा। उनसे आपूर्तिकर्ताओं द्वारा दिये गये उत्पाद लेबल और सामग्री की घोषणाओं की समीक्षा करने के लिए कहा गया है ताकि इस्तेमाल की जा रही सामग्री का सत्यापन किया जा सके और जोमैटो पर सूचीबद्ध उत्पादों की सही जानकारी दी जा सके। जोमैटो ने स्पष्ट किया है कि जो रेस्तरां पार्टनर इन नियमों का पालन नहीं करेंगे, उन्हें प्लेटफॉर्म से हटा दिया जाएगा। जोमैटो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आदित्य मंगला ने कहा कि जोमैटो में हमारा मूल उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक बेहतर भोजन पहुंचाना है। इसका मतलब ग्राहकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा करना और यह सुनिश्चित करना भी है कि हमारे रेस्तरां पार्टनर्स द्वारा सूचीबद्ध और परोसे जाने वाले भोजन के लिए स्पष्ट मानक बनाये रखे जाएं। यह नीति इसी प्रतिबद्धता को दर्शाती है, और हम इसे उन पार्टनर के साथ मिलकर लागू कर रहे हैं जो इस प्रतिबद्धता को साझा करते हैं।