शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित, इंदौरा में खुशी और गर्व का माहौल
निजी संवाददाता- इंदौरा
शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रताप वल्र्ड स्कूल इंदौरा के शिक्षाविद् एवं समाजसेवी डा. विशाल महाजन को प्रतिष्ठित वर्ष 2026 के सर्वश्रेष्ठ शिक्षाविद् शिक्षा समुदाय में योगदान सम्मान से नवाजा गया है। यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान और समाज के प्रति उनकी सेवाओं को देखते हुए प्रदान किया गया। डा. विशाल महाजन को यह प्रतिष्ठित सम्मान भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद तथा भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के पूर्व सचिव एवं राजदूत डा. अमरेंद्र खतुआ के करकमलों से प्राप्त हुआ। सम्मान मिलने पर डा. महाजन ने इसे अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि उनके माता-पिता, परिवार, सहकर्मियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और शुभचिंतकों के विश्वास, आशीर्वाद, प्रोत्साहन एवं सहयोग का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के निर्माण का सबसे मजबूत आधार है। युवा पीढ़ी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सही दिशा और संस्कार देना समय की आवश्यकता है। यह सम्मान उनके दायित्व को और अधिक मजबूत करता है तथा उन्हें शिक्षा के विस्तार, विद्यार्थियों के सशक्तीकरण और समाज के हित में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। डा. महाजन ने कहा कि सफलता केवल सपने देखने से नहीं मिलती, बल्कि उसे हासिल करने के लिए दृढ़ संकल्पए साहस और आत्मविश्वास आवश्यक है। उन्होंने इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए काइट्सक्राफ्ट प्रोडक्शन एलएलपी का हृदय से आभार व्यक्त किया। डा. विशाल महाजन को मिले इस सम्मान से इंदौरा क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। शिक्षा जगत, विद्यार्थियों, अभिभावकों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्थानीय लोगों ने कहा कि इंदौरा से जुड़े एक शिक्षाविद् को शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिष्ठित सम्मान मिलना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।