हरियाली के साथ पर्यावरण संरक्षण पर जोर

200 पौधे लगाने का लक्ष्य ,पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील

दिव्य हिमाचल ब्यूरो -बद्दी
रोटरी क्लब बद्दी की ओर से बुधवार को हाउसिंग बोर्ड फेस.2 स्थित पार्क में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में नगर निगम बद्दी के ज्वाइंट कमिश्नर अंकुर ठाकुर एक्सईएन सुमित आजाद एसडीओ रामेश्वर नेगी और एसडीओ विनोद पाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों और रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।रोटरी क्लब बद्दी के अध्यक्ष रोटेरियन संजीव वर्मा ने बताया कि क्लब ने क्षेत्र में 200 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

इसके तहत विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया जा चुका है और आने वाले दिनों में अन्य उपयुक्त स्थानों पर भी पौधे लगाए जाएंगे। नगर निगम की ओर से हरियाली और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रयासों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से पौधारोपण अभियानों में बढ-चढक़र भाग लेने के साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की भी अपील की।इस अवसर पर रोटरी क्लब बद्दी के अध्यक्ष रोटेरियन संजीव वर्मा सचिव रोटेरियन सतीश कौशल डॉ् सीएल भारद्वाज राजेश बंसल जगदीप अरोड़ा टेक चंद कौशल और कार्तिक शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने पौधारोपण में सक्रिय भागीदारी निभाई।