विधायक हरदीप बावा ने किया प्रभावित क्षेत्र का दौरा, सुरक्षा दीवार के लिए विधायक निधि से 4-5 लाख रुपए देने का आश्वासन
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नालागढ़
भाटियां पंचायत के गांव सनेड के घराट क्षेत्र में चिकनी खड्ड के लगातार कटाव से आधा दर्जन से अधिक परिवारों के मकान और कृषि भूमि खतरे की जद में आ गए हैं। वर्ष 2023 की भारी बारिश के बाद शुरू हुआ कटाव लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे कई मकान अब नदी के बेहद करीब पहुंच गए हैं और बरसात के दौरान बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि कई बीघा कृषि भूमि और संपर्क मार्ग पहले ही कटाव की भेंट चढ़ चुके हैं, जबकि कुछ मकान भी अब खतरे के मुहाने पर हैं।
विधायक हरदीप सिंह बावा ने कहा कि प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भाटियां पंचायत के प्रधान के माध्यम से विधायक निधि से 4 से 5 लाख रुपए उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया, ताकि प्रारंभिक चरण में सुरक्षा दीवार का निर्माण शीघ्र शुरू किया जा सके। उन्होंने संबंधित विभागों और पंचायत प्रतिनिधियों को मौसम की स्थिति को देखते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बावा ने कहा कि समय रहते सुरक्षा कार्य नहीं किए गए तो बरसात के दौरान जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार और प्रशासन प्रभावित परिवारों को राहत देने तथा कटाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।