जंगी सब्जी मंडी का शिलान्यास, बागबानों को मिलेगा लाभ

पूह ग्रीष्म महोत्सव के समापन समारोह में पहुंचे मंत्री जगत सिंह नेगी ने किया शुभारंभ

वरिष्ठ संवाददाता-रिकांगपिओ
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने पूह उपमंडल के जंगी पंचायत क्षेत्र स्थित रेता खान में सब्जी मंडी का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि जंगी में शीत भंडार के साथ हिमाचल प्रदेश बागवानी उत्पाद विपणन एवं प्रसंस्करण निगम का पैकिंग एवं ग्रेडिंग हाउस भी स्थापित किया जाएगा, जिससे ऊपरी किन्नौर के बागवानों को लाभ मिलेगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। घर-द्वार पर बाजार यार्ड स्थापित करने के साथ जिले में टापरी बाजार यार्ड का विस्तार भी शीघ्र किया जाएगा, जिससे छोटे और सीमांत किसानों-बागबानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल सके। इसके बाद मंत्री पूह में आयोजित ग्रीष्म महोत्सव के समापन समारोह में मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन किन्नौर की समृद्ध संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे युवा पीढ़ी अपनी प्राचीन संस्कृति पर गर्व महसूस करने के साथ उसके संरक्षण में योगदान दे सकती है। उन्होंने बताया कि जिले के सरकारी स्कूलों में आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है।

निचार, भावानगर, सांगला, कानम और रिकांग पिओ के सरकारी स्कूलों में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के पाठ्यक्रम के अनुसार शिक्षा दी जा रही है तथा पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम शुरू किया जा रहा है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पूह को अगले शैक्षणिक सत्र में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के पाठ्यक्रम से जोड़ा जाएगा और यहां विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पूह उपमंडल में पेयजल और सिंचाई व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से सुदृढ़ किया जाएगा। मंत्री ने मेला आयोजन समिति को तीन लाख रुपए तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले बच्चों को 50 हजार रुपए की राशि प्रदान की।