अभाविप नाहन इकाई ने की भूख हड़ताल, चुनाव की बहाली का मुद्दा भी उठाया
दिव्य हिमाचल ब्यूरो – नाहन
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) नाहन इकाई द्वारा हिमाचल प्रदेश के विद्यार्थियों से जुड़ी प्रदेश स्तरीय मांगों को लेकर बुधवार को भूख हड़ताल शुरू की। इसके माध्यम से अभाविप कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने प्रदेश सरकार तथा विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रहित में तत्त्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की। अभाविप ने प्रदेश में विद्यार्थियों पर बढ़ते आर्थिक बोझ को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा फीस में की गई 25 से 30 प्रतिशत तक की वृद्धि विद्यार्थी वर्ग के हित में नहीं है। फीस वृद्धि के कारण विशेष रूप से सामान्य एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा।
शिक्षा प्रत्येक विद्यार्थी का अधिकार है और शिक्षा को लगातार महंगा करना विद्यार्थियों के हितों के साथ अन्याय है। इस अवसर पर अभाविप नाहन इकाई मंत्री साहिल ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा फीस में 25 से 30 प्रतिशत तक की वृद्धि करना विद्यार्थी हितों के साथ न्याय नहीं है। अभाविप इस निर्णय का स्पष्ट रूप से विरोध करती है और मांग करती है कि फीस वृद्धि को तत्त्काल वापस लिया जाए। सरकार एवं विश्वविद्यालय प्रशासन को विद्यार्थियों की आवाज सुनते हुए छात्र संघ चुनाव तत्त्काल बहाल करने चाहिए। यदि विद्यार्थियों की इन जायज मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो अभाविप आंदोलन व्यापक रूप देगी।