मनमानी पार्किंग से हर रोज ट्रैफिक जाम

सरकाघाट रोड पर वाहनों की लंबी कतारें, ट्रैफिक कर्मी की तैनाती न होने से बढ़ रही परेशानी

निजी संवाददाता – अवाहदेवी
अवाहदेवी बाजार में सुबह और शाम के समय लगने वाला ट्रैफिक जाम अब लोगों के लिए रोजमर्रा की समस्या बन गया है। सरकाघाट रोड पर वाहनों की बढ़ती आवाजाही और बाजार क्षेत्र में सडक़ किनारे वाहनों के खड़े रहने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। जाम लगने से वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बाजार में सडक़ की चौड़ाई सीमित होने के कारण जब दोनों ओर से वाहन एक साथ पहुंचते हैं, तो यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है।

खासकर सुबह स्कूल, कार्यालय और अन्य जरूरी कार्यों के लिए जाने वाले समय तथा शाम को वापस लौटने के दौरान स्थिति अधिक गंभीर हो जाती है। कई बार वाहनों की लंबी कतारें लगने से लोगों को कुछ दूरी तय करने में भी काफी समय लग जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अवाहदेवी बाजार में लगातार जाम की समस्या के बावजूद अभी तक नियमित रूप से किसी ट्रैफिक कर्मी की तैनाती नहीं हो पाई है। यदि व्यस्त समय में बाजार में ट्रैफिक कर्मी की तैनाती की जाए, तो वाहनों को व्यवस्थित तरीके से निकालने में काफी मदद मिल सकती है। बाजार में सडक़ किनारे और दुकानों के आसपास बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े किए जाने से भी सडक़ पर यातायात के लिए उपलब्ध जगह कम हो जाती है। इससे एक साथ दो बड़े वाहनों के निकलने में परेशानी होती है और देखते ही देखते जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। जाम से मुक्ति की गुहार