विधानसभा पहुंचे एचपीयू के छात्र, सदन की कार्रवाई देखी

स्पीकर पठानिया ने छात्रों को बताई विधानसभा की कार्यप्रणाली, कानून बनाने-सदन संचालन की दी जानकारी

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मॉनसून सत्र के तीसरे दिन सोमवार को दोपहर 1:15 बजे हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के राजनीतिक विभाग के छात्र-छात्राएं सदन की कार्यवाही देखने पहुंचे। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश 1972 और 2007 के परिसीमन के तहत 68 निर्वाचन क्षेत्रों में बंटा है। जिसमें सामान्य वर्ग, अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति की सीटें भी शामिल हैं। छात्र-छात्राओं से संवाद के दौरान पठानियां ने सवाल किया कि विधान सभा क्या है और विधान सभा क्या कार्य करती है। जिसके जवाब में सभी छात्र-छात्राओं ने एक स्वर में कहा कि विधान सभा चुने हुए प्रतिनिधियों का सदन है जो विधान सभा का गठन करते हैं और विधान सभा के पास कानून बनाने का अधिकार है जिसको बनाने में देश के संविधान ने उन्हें अधिकृत किया है।

पठानियां ने कहा कि जिस दल की संख्या आवश्यक बहुमत से अधिक होती है वह सरकार का गठन करता है जिसका मुखिया मुख्यमंत्री होता है। मुख्यमंत्री कैबिनेट का गठन करते हैं जिसकी हिमाचल प्रदेश में अधिकतम सीमा मुख्यमंत्री समेत 12 निर्धारित है। इसके अतिरिक्त विधान सभा अध्यक्ष का चुनाव चुने हुए विधानसभा सदस्यों द्वारा किया जाता है। विधान सभा अध्यक्ष दोनों पक्षों में सामंजस्य बिठाकर सत्र का संचालन करते हैं। उनका मुख्य कार्य कार्यवाही को निष्पक्ष, व्यवस्थित और नियमों के अनुसार संचालित करना है। विधान सभा में विधान सभा अध्यक्ष सदन का सर्वोच्च, संवैधानिक और प्रशासनिक प्रमुख होता है। विधान सभा अध्यक्ष सदन की कार्यसूची और बहस को निर्धारित नियमों के अनुसार आगे बढ़ाता है। वह यह तय करता है कि कौन सा विषय कब चर्चा के लिए लिया जाएगा और सदस्यों को बोलने की अनुमति देता है।