एचआरटीसी पेंशनरों ने मांगे,वित्तीय लाभ

मेडिकल अलाउंस को 400 रुपए से बढ़ाकर 1000 रुपए प्रतिमाह,करने की मांग

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – नाहन
हिमाचल प्रदेश परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच की नाहन शाखा की मासिक बैठक नाहन में आयोजित की गई। यह बैठक वरिष्ठ नागरिक भवन रानीताल नाहन में प्रधान मोहन सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। बैठक की कार्रवाई का सफल संचालन मंच के महासचिव हरशरण शर्मा की ओर से किया गया। बैठक में सदस्यों ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं पर गंभीर चर्चा की। बैठक में सर्वसम्मति से सरकार और परिवहन निगम प्रबंधन से इन मांगों को पूरा करने का आह्वान किया।

यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की वर्ष 2016 से पहले और बाद की सेवा को ध्यान में रखते हुए सभी देय लाभ प्रदान किए जाएं। इसमें 65-70 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित महंगाई भत्ते का भुगतान तुरंत किया जाए। इसके साथ ही नए वेतनमान के 2.59 गुणा वृद्धि के एरियर और वेतन फिक्सेशन का एकमुश्त भुगतान सुनिश्चित हो। महासचिव हरशरण शर्मा ने कहा कि मार्च, 2026 के बाद के सभी लंबित मेडिकल बिलों का अविलंब भुगतान किया जाए। इसके अतिरिक्त फिक्स मेडिकल अलाउंस को 400 रुपए से बढ़ाकर 1000 रुपए प्रतिमाह किया जाए। उच्च न्यायालय के आदेशों का पूरी तरह पालन करते हुए चालकों, परिचालकों और अन्य श्रेणियों के कर्मचारियों को पेंशन सहित सभी देय वित्तीय लाभ दिए जाएं।