सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ पूर्व विधायक ने घेरा सुजानपुर थाना
निजी संवाददाता – सुजानपुर
प्रदेश सरकार पर राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ कथित दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा बुधवार को अपने 48 घंटे के अल्टीमेटम के बाद स्वयं गिरफ्तारी देने सुजानपुर पुलिस थाना पहुंचे। उनके साथ भाजपा मंडल सुजानपुर और बमसन के सैकड़ों कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने पार्टी झंडों के साथ थाना परिसर के बाहर प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। राजेंद्र राणा ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित अभद्र भाषा के इस्तेमाल के मामले में 48 घंटे के भीतर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन शिकायत पर अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर भाजपा नेताओं के खिलाफ दी गई शिकायतों पर महज कुछ घंटों में एफआईआर दर्ज कर दी जाती है। उन्होंने कहा अगर सवाल पूछना गुनाह है तो मुझे गिरफ्तार कर लो। हम न भागेंगे और न बेल लेंगे। राजेंद्र राणा ने सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि भाजपा नेताओं के खिलाफ 12 घंटे पहले दी गई शिकायत पर एफआईआर दर्ज हो जाती है, लेकिन प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित अभद्र भाषा के मामले में 48 घंटे पुरानी शिकायत पर भी कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या हिमाचल में दो कानून-विधान चल रहे हैं।
न भागेंगे न बेल लेंगे
राजेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री को घेरते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को पिछले अढ़ाई वर्षों से भाजपा में शामिल हुए नौ नेताओं की चिंता सता रही है और उन्हें सपने में सुधीर शर्मा तथा राजेंद्र राणा ही दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार को उनकी गतिविधियों से इतनी परेशानी है तो वे गिरफ्तारी के लिए तैयार हैं। राणा ने कहा कि हम न बेल लेंगे और न भागेंगे, लेकिन हमारी मांग है कि पहले सरकार अपनी दस गारंटियां पूरी करे और प्रदेश में विकास कार्य करवाए।
बीडीसी के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का जल्द हो चुनाव
थाने के घेराव के बाद भाजपा मंडल सुजानपुर और बमसन के नेताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर पिछले करीब अढ़ाई महीने से लंबित बीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव तत्काल करवाने की मांग की। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव लंबित रहने के कारण पंचायती राज संस्थाओं का काम प्रभावित हो रहा है।