दिव्य हिमाचल टीम-पालमपुर, सुलाह
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं सुलाह विधानसभा क्षेत्र से विधायक विपिन सिंह परमार ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जनता पर लगातार नए आर्थिक बोझ डालने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता पहले ही महंगाई, बेरोजगारी, बढ़ते कर्ज और सरकार की नाकामियों से परेशान है, लेकिन कांग्रेस सरकार ने अब पेट्रोल और हाई स्पीड डीजल पर भी नया उपकर लगाकर आम आदमी की जेब पर सीधा प्रहार किया है। परमार ने कहा कि राज्य कर एवं आबकारी विभाग की 11 अगस्त, 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार हिमाचल प्रदेश में पेट्रोल और हाई स्पीड डीजल की पहली बिक्री के समय 60 पैसे प्रति लीटर की दर से ‘अनाथ एवं विधवा उपकर’ लगाया गया है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढऩे का असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि परिवहन महंगा होने से किसान, दुकानदार, मजदूर, कर्मचारी, व्यापारी और आम उपभोक्ता सभी प्रभावित होते हैं।