चंबाघाट में फोरलेन किनारे अतिक्रमण पर चली जेसीबी

रेहड़ी-फड़ी और अस्थायी ढांचे हटाए, पुलिस बल रहा तैनात

निजी संवाददाता-सोलन
परवाणू-शिमला फोरलेन के चंबाघाट क्षेत्र में मंगलवार को जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। जेसीबी की मदद से सडक़ किनारे लगी कई रेहडय़िों, फडय़िों और अस्थायी ढांचों को हटाया गया। प्रशासन ने कार्रवाई से पहले संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर जगह खाली करने के निर्देश दिए थे।

समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाने पर मंगलवार को कार्रवाई की गई। यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए अभियान एसडीएम सोलन नीरजा शर्मा ने कहा कि सडक़ और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई नियमानुसार जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से फोरलेन और सडक़ किनारे अनधिकृत रूप से रेहड़ी-फड़ी या अस्थायी ढांचे न लगाने की अपील की।इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। प्रशासन और नगर निगम की कार्रवाई के बाद चंबाघाट में फोरलेन के किनारे कई अस्थायी ढांचे हटाए गए। उन्होंने कहा कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।