Jio ने पेश किए 84 दिन और एक साल के OTT-पास

नई दिल्ली। फिल्में, वेब सीरीज, लाइव स्पोर्ट्स और टीवी चैनल देखने वाले ग्राहकों के लिए जियो ने लंबी वैलिडिटी वाले ओटीटी-पास पेश किए हैं। कंपनी ने 550 रुपए में 84 दिन और 2,000 रुपए में 365 दिन वाले दो नए पास की घोषणा की है। पहले से मौजूद 200 रुपए के पास की वैधता 28 दिन है। तीनों पास में हाई-स्पीड डेटा, अनलिमिटेड 5जी, 15 प्रीमियम ओटीटी ऐप और जियो टीवी पर 1,000 से ज्यादा लाइव टीवी चैनल का एक्सेस मिलेगा। नये ओटीटी-पास के लिए ग्राहक के पास एक साल का सक्रिय बेस प्लान होना अनिवार्य होगा। वॉयस-ओनली प्लान इसमें शामिल नहीं हैं।

कंपनी की शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि लंबी अवधि का पास लेने पर ग्राहक की लागत भी कम होती है। उसने बताया कि पहले 200 रुपये का 28 दिन वाला पास अगर ग्राहक तीन बार लेता तो उसे 84 दिन के लिए 600 रुपए खर्च करने पड़ते, जबकि नया 84 दिन वाला पास 550 रुपए का है। सालभर के लिए पास पर अब 2,400 रुपए की बजाय मात्र 2,000 रुपए खर्च करने होंगे। डाटा भी अवधि के हिसाब से बढ़ेगा। जहां 200 रुपए के पास में 30 जीबी डाटा मिलता है, वहीं, 550 रुपए के पास में 90 जीबी और 2,000 रुपए के सालाना पास में 365 जीबी हाई-स्पीड डाटा मिलेगा।ओटीटी पैकेज में यूट्यूब प्रीमियम, जियोहॉटस्टार मोबाइल प्लस हॉलीवुड और अमेजन प्राइम शामिल हैं।

ग्राहकों को 550 और 2,000 रुपए के पास में अमेजन प्राइम लाइट मेंबरशिप मिलेगी, जबकि 200 रुपए के पास में अमेजन प्राइम वीडियो मोबाइल संस्करण मिलेगा। इसके अलावा ग्राहकों को सोनीलिव, जी5, लायंसगेट प्ले, डिस्कवरी प्लस, सनएनएक्सटी, फैनकोड, होइचोई, चौपाल, प्लैनेट मराठी, कांचा लन्नका, टाइम्सप्ले और तरंग प्लस का एक्सेस मिलेगा।

जियोटीवी पर 1,000 से ज्यादा लाइव टीवी चैनल भी देखे जा सकेंगे। इनमें स्टार प्लस एचडी, कलर्स एचडी, सेट एचडी, सन टीवी एचडी, डिस्कवरी और कार्टून नेटवर्क जैसे चैनल शामिल हैं। कंपनी के मुताबिक, इस पैकेज से ग्राहकों को हर महीने 1,500 रुपए से अधिक मूल्य के मनोरंजन लाभ मिलेंगे। नये 550 रुपए और 2,000 रुपए वाले ओटीटी-पास 07 अगस्त से मायजियो ऐप, जियो की वेबसाइट और अधिकृत रिटेल आउटलेट पर उपलब्ध हैं।