एसडीएम-नगर परिषद की कार्रवाई से मार्केट में हडक़ंप, 8 दुकानदारों पर कसा शिकंजा
नगर संवाददाता- कांगड़ा
कांगड़ा शहर के बाजारों में बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने मंगलवार को सख्त कार्रवाई की। एसडीएम कांगड़ा डा. अंजली गर्ग ने नगर परिषद और पुलिस टीम के साथ बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों के बाहर सामान रखकर अतिक्रमण करने वाले आठ दुकानदारों के चालान किए गए। अचानक हुई कार्रवाई से बाजार में हडक़ंप मच गया और कई दुकानदारों ने अपना सामान तुरंत दुकानों के अंदर कर लिया। प्रशासन ने एक दिन पहले ही दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी थी, लेकिन निरीक्षण के दौरान कई जगह नियमों की अनदेखी पाई गई। एसडीएम ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि बाजार में किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बार-बार निर्देशों के बावजूद अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई होगी और जरूरत पडऩे पर सामान जब्त किया जाएगा। एसडीएम ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य दुकानदारों को परेशान करना नहीं, बल्कि बाजार को अतिक्रमण मुक्त बनाकर पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुगम रास्ता उपलब्ध करवाना है। उन्होंने दुकानदारों से निर्धारित सीमा के भीतर ही सामान रखने की अपील की। अभियान के दौरान एसएचओ कांगड़ा आदर्श बरयाल, नगर परिषद जेई अक्षय भाटिया, निरीक्षक रमाकांत शर्मा सहित पुलिस और नगर परिषद की टीम मौजूद रही।