500 पौधों से सजेगा मशोबरा का जंगल

एसएसबी ने चलाया हरियाली अभियान, मशोबरा-1 में जवानों ने थामा पौधों का हाथ

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी शिमला के मशोबरा वन क्षेत्र में सोमवार को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 500 पौधे रोपे। दूरसंचार प्रशिक्षण केंद्र सशस्त्र सीमा बल कुसुंपटी के 30 सदस्यीय जवानों और प्रशिक्षुओं के दल ने वन विभाग की टीम के साथ मिलकर मशोबरा वन परिक्षेत्र की सिपुर बीट के घड़शी और नया गांव के आसपास के जंगल में पौधरोपण अभियान चलाया। निरीक्षक सामान्य राजेश कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में दल ने विभिन्न प्रजातियों के 500 पौधे रोपित किए। दूरसंचार प्रशिक्षण केंद्र के कार्यवाहक कमान अधिकारी रविंद्र कुमार के नेतृत्व में एसएसबी की ओर से अलग-अलग क्षेत्रों में पौधरोपण अभियान को गति दी जा रही है।

कमान अधिकारी ने कहा कि पौधरोपण केवल पर्यावरण को हरा-भरा बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्राकृतिक आपदाओं के प्रभाव को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पेड़ों की जड़ें मिट्टी को मजबूती प्रदान करती हैं, जिससे भारी बारिश और अचानक आने वाली बाढ़ के दौरान होने वाले मृदा अपरदन को रोकने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि सशस्त्र सीमा बल पर्यावरण संरक्षण को लेकर लगातार गंभीरता से कार्य कर रहा है। वन विभाग के सहयोग से विभिन्न क्षेत्रों में पौधरोपण कर हरियाली बढ़ाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के दौरान मुख्य आरक्षी सामान्य राजेंद्र पाटिल, नायक सामान्य लक्ष्मी सिंह, सामान्य आरक्षी यशपाल, आरक्षी संजय कुमार, सौरभ, नवीन कुमार, धनंजय और फॉरेस्ट गार्ड सुनील दत्त सहित अन्य मौजूद रहे।