श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुख्ता प्रबंध, दंडवत दर्शन को पहुंचे भक्तों से माहौल भक्तिमय
स्टाफ रिपोर्टर-चिंतपूर्णी
हिमाचल प्रदेश में चिंतपूर्णी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बाद प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार किए हैं। रविवार के अनुभवों से सबक लेते हुए प्रशासन द्वारा किए गए नए सुरक्षा इंतजामों के बाद सोमवार को व्यवस्था में काफी सुधार देखा गया है। सोमवार मेले के पांचबे दिवस पर एक बार फिर से श्रद्धालुओं का हजूम उमड़ा और श्रद्धालुओं की डबल लाइन एसबीआई बैंक के नीचे तक जा पहुंचे। सोमवार को लगभग 35000 से ऊपर श्रद्धालुओं ने मां की पवित्र पावन पिंडी के दर्शन प्राप्त किए। सोमवार को रुक-रुक कर बारिश होने के बावजूद भी श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई। डबल लाइन व्यवस्था में लगकर दंडवत प्रणाम करते हुए मां के चरणों में अरदास करने पहुंचे।
श्रद्धालुओं के अत्यधिक भीड़ को देखते हुए भीड़ को नियंत्रित करने के लिए गेट-1 व 2 से लेकर ओल्ड बस स्टैंड तक के मार्ग को पूरी तरह रस्सी, बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया गया है। मुख्य मार्ग बंद होने के कारण श्रद्धालुओं को अब वैकल्पिक रास्तों से मंदिर भेजा जा रहा है। ताकि एक ही जगह हजूम न उमड़े। नया बस स्टैंड चौक पर भी विशेष पुलिस तैनात की गई है, जिससे यातायात और भीड़ का दबाव कम हुआ है। दूसरी ओर स्थानीय लोगों का कहना है कि मेले में इस बार तैनात फोर्स की संख्या अमूमन रहने वाले 1000 से 1200 पुलिसकर्मियों और होमगार्डों के मुकाबले काफी कम है। आने वाले दिनों में भीड़ और बढऩे की संभावना है, इसलिए सुरक्षा बल और बढ़ाए जाने चाहिए। उधर सोमवार को मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लेखा एवं वित्त अधिकारी राजेंद्र कटोच, सुरक्षा अधिकारी सुखदेव सिंह, अधीक्षक पंकज शर्मा व अन्य अधिकारियों ने मोर्चा संभाला और मंदिर परिसर में बड़ी शांति पूरक ढंग से व्यवस्था को संचालित किया। मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग का पुख्ता इंतजाम है, चिन्हित जगह पर जहां श्रद्धालुओं की अक्सर भीड़ रहती है सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।