पांवटा और सतौन में भरे दूध-पनीर के सैंपल

त्योहारी सीजन में मिलावटखोरों पर शिकंजा; खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 20 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
आगामी रक्षाबंधन, गणेश चतुर्थी, नवरात्रि, दशहरा और दीपावली के त्योहारी सीजन को देखते हुए जिला सिरमौर खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट हो गया है। मिलावटी मिठाइयों, दूध और दुग्ध उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए विभाग ने पांवटा साहिब उपमंडल में विशेष सैंपलिंग अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत पिछले दो दिनों में पांवटा साहिब और सतौन बाजार में छापेमारी कर कुल 20 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए हैं। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा जिला सिरमौर अरुण चौहान ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों, दूध, पनीर और खोया आदि की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री की आशंका भी बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए जिलेभर में सैंपलिंग अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को विभागीय टीम ने सतौन क्षेत्र की दुकानों और डेयरियों का निरीक्षण कर 10 नमूने लिए। इनमें कलाकंद, पनीर, खुला दूध और मिल्क केक के चार प्रवर्तन नमूने शामिल हैं। इसके अलावा दूध और अन्य दुग्ध उत्पादों के छह निगरानी नमूने भी लिए गए।

इससे एक दिन पहले पांवटा साहिब मुख्य बाजार से 10 नमूने लिए गए थे। इनमें दूध, दही और चायपत्ती के तीन प्रवर्तन नमूने तथा किराना दुकानों से दाल और चावल के सात निगरानी नमूने शामिल हैं। अरुण चौहान ने बताया कि सभी नमूनों को सीलबंद कर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी नमूने में मिलावट, खराब गुणवत्ता या खाद्य मानकों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित विक्रेता के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसमें भारी जुर्माना और लाइसेंस रद्द करने तक का प्रावधान है। उन्होंने लोगों से त्योहारों के दौरान विश्वसनीय दुकानों से ही खाद्य सामग्री खरीदने और मिलावट का संदेह होने पर विभाग को शिकायत देने की अपील की।