थारूगढ़ में तीन विद्युत ट्रांसफॉर्मरों का विधायक ने किया उद्घाटन

लोगों को बेहतर बिजली सुविधा मिलने की उम्मीद

निजी संवाददाता-कसौली
कसौली निर्वाचन क्षेत्र के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने सोमवार को जंगेशु ग्राम पंचायत के उपमहाल चंद्रेणी के अंतर्गत आने वाले गांव थारूगढ़ में तीन विद्युत ट्रांसफॉर्मरों का उद्घाटन किया। तीनों विद्युत ट्रांसफॉर्मरों के शुरू होने से थारूगढ़ सहित आसपास के ग्रामीणों को बिजली की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से क्षेत्र के लोग बेहतर विद्युत व्यवस्था की मांग कर रहे थे। विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। गांवों में सडक़, पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्युत व्यवस्था किसी भी क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है। लोगों को बेहतर बिजली सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए विभाग के माध्यम से आवश्यक कार्य करवाए जा रहे हैं।

इस अवसर पर विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने स्थानीय लोगों की समस्याओं को भी सुना। ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, सडक़, रास्तों और अन्य विकास कार्यों से संबंधित समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ उठाया जाएगा तथा जहां आवश्यक होगा, वहां प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि थारूगढ़ में तीन विद्युत ट्रांसफॉर्मरों की स्थापना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

ग्रामीणों ने विधायक को कहा थैंक्स

ग्रामीणों ने क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विधायक का आभार जताया। इस दौरान ग्रामीणों ने कहा कि विद्युत आपूर्ति बेहतर होने से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ किसानों, दुकानदारों और अन्य लोगों को भी लाभ मिलेगा। बिजली की पर्याप्त सुविधा से गांव में विकास कार्यों को भी गति मिलने की उम्मीद है।