पालमपुर में खुला ईपीएफओ का नया कार्यालय

अपर केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त राजीव बिष्ट ने किया शुभारंभ,नियोक्ताओं, कर्मचारियों और पेंशनरों को मिलेगी पीएफ-पेंशन सेवाओं में सुविधा

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-पालमपुर
भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अधीन कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) जिला कार्यालय पालमपुर का नवीन कार्यालय बुधवार को राजीव बिष्ट अपर केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त आंचलिक कार्यालय चंडीगढ़ के कर कमलों द्वारा विधिवत रूप से प्रारंभ किया गया। नवीन कार्यालय प्रथम तल, बीएसएनएल टेलीफोन एक्सचेंज बिल्डिंग धर्मशाला बाइपास रोड, पालमपुर जिला प्रदेश 176061 में स्थित है। इस अवसर पर श्री राजीव बिष्ट ने कार्यालय परिसर का फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने नवीन परिसर का अवलोकन करते हुए कहा कि यह नया एवं अधिक सुविधाजनक कार्यालय क्षेत्र के नियोक्ताओं, कर्मचारियों, पेंशनभोगियों एवं अन्य हितधारकों को कर्मचारी भविष्य निधि, पेंशन एवं बीमा योजनाओं से संबंधित सेवाएं प्राप्त करने में अधिक सुविधा करेगा। श्री बिष्ट ने कार्यालय स्टाफ को हितधारकों की समस्याओं के त्वरित एवं संवेदनशील समाधान हेतु निर्देशित किया तथा कहा कि कार्यालयीन कार्यों के सुचारू संचालन के साथ-साथ सेवा वितरण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। इस शुभारंभ कार्यक्रम में अमित सिंगला, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-एक क्षेत्रीय कार्यालय शिमला तथा आत्मन सिंह प्रभारी अधिकारी जिला कार्यालय पालमपुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

नियोक्ताओं के साथ संवादात्मक सत्र शुभारंभ कार्यक्रम के उपरांत नियोक्ताओं के साथ एक संवादात्मक सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें राजीव बिष्ट अपर केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त, अमित सिंगला क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-एक तथा आत्मन सिंह, प्रभारी अधिकारी, जिला कार्यालय पालमपुर द्वारा नियोक्ताओं से सीधे संवाद किया गया। इस अवसर पर राजीव बिष्ट ने कहा कि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन का उद्देश्य अपने सदस्यों एवं हितधारकों को पारदर्शी, सुगम, समयबद्ध एवं बेहतर सामाजिक सुरक्षा सेवाएं उपलब्ध कराना है तथा जिला कार्यालय पालमपुर इस दिशा में निरंतर प्रयासरत रहेगा। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन जिला कार्यालय पालमपुर द्वारा भविष्य में भी नियोक्ताओं एवं सदस्यों के साथ नियमित संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने को सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए जाएंगे।