सीमा शर्मा अध्यक्ष, वीना ठाकुर ने उपाध्यक्ष पद की शपथ लेकर विकास का लिया संकल्प
स्टाफ रिपोर्टर-अर्की
अर्की नगर पंचायत की नवनिर्वाचित अध्यक्ष सीमा शर्मा और उपाध्यक्ष वीना ठाकुर ने बुधवार को एसडीएम कार्यालय के सभागार में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। एसडीएम निशांत तोमर ने दोनों को शपथ दिलाई।समारोह में विधायक संजय अवस्थी और पूर्व विधायक गोविंद शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे।विधायक संजय अवस्थी ने दोनों पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि अर्की के विकास की बड़ी जिम्मेदारी अब नई टीम के कंधों पर है।उन्होंने कहा कि सभी निर्वाचित प्रतिनिधि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनहित में मिलजुलकर काम करें और लोगों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दें।
अवस्थी ने नई टीम से मूलभूत सुविधाओं में सुधार और अर्की के समग्र विकास को गति देने की उम्मीद जताई।अध्यक्ष सीमा शर्मा और उपाध्यक्ष वीना ठाकुर ने सभी का आभार जताते हुए ईमानदारी व समर्पण से कार्य करने का संकल्प लिया।उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पार्षदों और स्थानीय लोगों का सहयोग लेकर नगर पंचायत को बेहतर एवं सुविधाजनक बनाया जाएगा। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सतीश कश्यप, संजय ठाकुर, देवकली गौतम, पार्षद रंजना कालिया, देवेंद्र कुमार, प्रदीप शर्मा, अनुज गुप्ता व सचिव अभिनव शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।