मुंबई। अनशुमन झा और रघुबीर यादव अभिनीत भावनात्मक ड्रामा फिल्म ‘ओम का हरि’ 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। हरीश व्यास निर्देशित इस फिल्म में सोनी राजदान, समता सुदीक्षा और आयशा कपूर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। फिल्म पिता और बेटे के रिश्ते, पीढिय़ों के बीच के अंतर और अनकहे प्यार की कहानी को पेश करती है। फस्र्ट रे फिल्म्स की पांचवीं प्रोडक्शन फिल्म ओम का हरि की कहानी भोपाल में रहने वाले जिद्दी पिता हरि प्रसाद शर्मा और अपने फैसले खुद लेने वाले उनके बेटे ओम प्रसाद शर्मा के इर्द-गिर्द घूमती है।
दोनों के बीच शुरू हुआ टकराव भोपाल से वाराणसी तक पहुंचता है। फिल्म में एक ओर बेटा अपनी आजादी चाहता है, वहीं दूसरी ओर पिता को लगता है कि वह अपने बेटे के लिए सबसे बेहतर जानते हैं। यही सोच दोनों के बीच टकराव पैदा करती है। फिल्म इसी पारिवारिक संघर्ष के बीच यह सवाल उठाती है कि क्या हम अपने पिता से खुलकर कह पाते हैं कि हम उनसे प्यार करते हैं और क्या पिता भी अपने बेटे से अपने प्यार का इजहार कर पाते हैं। निर्देशक हरीश व्यास ने कहा कि उनकी तीनों फिल्मों की कहानियां प्यार के अलग-अलग रूपों और उन भावनाओं पर आधारित रही हैं, जिन्हें लोग अक्सर कह नहीं पाते। अंग्रेजी में कहते हैं में शादी के कई वर्षों बाद भी पति-पत्नी के बीच प्यार का इजहार करने की जरूरत को दिखाया गया था, जबकि हम भी अकेले, तुम भी अकेले दोस्ती में प्यार को समझने की कहानी थी।
ओम का हरि पिता और बेटे के उस रिश्ते पर आधारित है, जिसमें दोनों एक-दूसरे से बेहद प्यार करते हैं, लेकिन उस प्यार को शब्दों में कहना भूल गए हैं। ओम का हरि हरीश व्यास और अनशुमन झा की साथ में तीसरी फिल्म है। इससे पहले दोनों अंग्रेजी में कहते हैं और हम भी अकेले, तुम भी अकेले में साथ काम कर चुके हैं। फिल्म का संगीत भी कहानी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसमें दिवंगत दिग्गज गायिका आशा भोसले, अमित कुमार, परेश पाहुजा सहित कई गायकों की आवाज सुनाई देगी। फस्र्ट रे फिल्म्स द्वारा निर्मित ओम का हरि 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।