धर्मशाला-मकलोडगंज के दोनों रास्तों पर बढ़ा संकट, बारिश नहीं थमी तो कट सकता है संपर्क, चार दिन से दस बस रूट बंद
स्टाफ रिपोर्टर- धर्मशाला
धर्मशाला-मकलोडगंज को जोडऩे वाले दोनों प्रमुख सडक़ मार्ग लगातार बारिश के चलते अब पूरी तरह ध्वस्त होने की कगार पर पहुंच गए हैं। एक ओर कोतवाली बाजार से खड़ा डंडा मार्ग पर जोगीवाड़ा के पास सडक़ फिर धंस गई हैं, जो कि अब कभी भी वाहनों के लिए बंद हो सकती है। वहीं, दूसरी ओर धर्मशाला-मकलोडगंज मुख्य मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग-503 भी कैंट नाला के दूसरे मोड़ के पास बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। दोनों मार्गों की बिगड़ती हालत ने स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों की आवाजाही को भी मुश्किल में डाल दिया है। मकलोडगंज खड़ा डंडा मार्ग जोगीवाड़ा में सडक़ धंसने के बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित है। क्षतिग्रस्त हिस्से से वाहन बेहद सावधानी से मुश्किल से ही गुजर रहे हैं, और दोनों ओर लंबा जाम लग रहा है। उधर, धर्मशाला से मकलोडगंज जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-503 की हालत भी गंभीर हो गई है। कैंट नाला के दूसरे मोड़ के पास सडक़ ने जैसे जवाब दे दिया है। मार्ग की खतरनाक स्थिति को देखते हुए हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों की आवाजाही रोक दी गई है। इसके चलते पिछले चार दिनों से 10 रूटों पर परिवहन निगम की बसें नहीं जा पा रही है। निजी वाहन चालक भी जान जोखिम में डालकर इस हिस्से को पार करने को मजबूर हैं।
ऐसे में दोनों प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है। स्थानीय लोगों में से सुधेड़ पंचायत के प्रधान अजीत नैहरिया, मकलोडग़ंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष नरेंद्र पठानिया, कारोबारी एवं समाजसेवी बिट्टू पठानिया बरनेट, टैक्सी आपरेटर यूनियन अध्यक्ष अशोक शर्मा, संजीव सिंह राणा, दिनेश कपूर, विकास नैहरिया, नरेश सिंह व अन्य लोगों ने सडक़ की स्थिति जल्द सुधारने की मांग उठाई है। लोगों ने प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से जल्द सडक़ को यातायात के लिए सुरक्षित बनाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बरसात में सडक़ें क्षतिग्रस्त होती हैं, लेकिन स्थायी समाधान के बजाय अस्थायी मरम्मत तक मामला सीमित रह जाता है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से बारिश थमने का इंतजार किए बिना संवेदनशील हिस्सों को सुरक्षित करने, यातायात सुचारु करने और दोनों मार्गों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत करवाने की मांग की है।
एक्सईएन के बोल
पीडब्ल्यूडी धर्मशाला डिविजन के आधीशाषी अभियंता चंद्रशेखर ने बताया कि मार्ग के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली है। कल ही टीम को मौके पर भेजकर खड़ा डंडा मार्ग को दुरूस्त करवाने के प्रयास किए जाएंगे, जबकि नेशनल हाईवे को लेकर संबंधित अधिकारियों से भी बातचीत
की जाएगी।