नई दिल्ली। भारत में जल्द ही Oppo, OnePlus और Realme के स्मार्टफोन देश में ही बनाए जा सकते हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग कंपनी Amber Enterprises इन तीनों ब्रांड्स के लिए स्मार्टफोन बनाने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने इसके लिए पूरी योजना तैयार कर ली है और जल्द ही ट्रायल प्रोडक्शन शुरू किया जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक, Amber Enterprises मार्च 2027 की तिमाही में स्मार्टफोन निर्माण का पहला चरण शुरू कर सकती है। शुरुआत में सीमित संख्या में फोन बनाए जाएंगे। इसके बाद धीरे-धीरे उत्पादन बढ़ाया जाएगा।
पहले साल 80 लाख फोन बनाने का लक्ष्य
Amber Enterprises ने भारत में पहले साल करीब 80 लाख स्मार्टफोन बनाने का लक्ष्य रखा है। कंपनी उत्पादन को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाएगी। दूसरे साल में भी उत्पादन क्षमता को बढ़ाने की योजना है। कंपनी के CEO जसबीर सिंह ने बताया कि स्मार्टफोन मैन्युफैक्चरिंग कारोबार को संभालने के लिए एक चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) की नियुक्ति भी की गई है।
Oppo, OnePlus और Realme तीनों ब्रांड शामिल
कंपनी का समझौता Oppo Mobiles India के साथ हुआ है। इसके तहत Oppo के साथ-साथ OnePlus और Realme के स्मार्टफोन भी बनाए जाएंगे। यानी आने वाले समय में इन तीनों ब्रांड्स के कुछ फोन भारत में ही तैयार होकर बाजार में आ सकते हैं।
चीन पर निर्भरता कम करने की कोशिश
यह कदम ऐसे समय में उठाया जा रहा है जब कई चीनी स्मार्टफोन कंपनियां भारत में अपना उत्पादन बढ़ाने के लिए एसेट-लाइट मैन्युफैक्चरिंग मॉडल अपना रही हैं। इसका मतलब है कि कंपनियां खुद बड़े मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने के बजाय स्थानीय इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों की मदद से फोन तैयार कर रही हैं। Oppo, OnePlus और Realme का संबंध चीन की BBK Electronics से रहा है, हालांकि ये तीनों कंपनियां अब अलग-अलग तरीके से काम करती हैं।
भारत में Oppo के स्मार्टफोन फिलहाल नोएडा की एक मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी में बनाए जाते हैं। वहीं, इस क्षेत्र में Vivo और Dixon Technologies के बीच भी मैन्युफैक्चरिंग को लेकर साझेदारी की प्रक्रिया चल रही है। अगर Amber की योजना के मुताबिक उत्पादन शुरू होता है, तो भारत में स्मार्टफोन मैन्युफैक्चरिंग को और बढ़ावा मिल सकता है और इन ब्रांड्स के लिए घरेलू स्तर पर तैयार होने वाले फोन की संख्या बढ़ सकती है।