नेपाल में मदद के लिए डायल करें

जिला आपदा प्रबंधन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर; जिलाधीश बोलीं, लापता की जल्द से जल्द दें जानकारी

कार्यालय संवाददाता-नाहन
पड़ोसी देश नेपाल में आई जल प्रलय के बीच प्रदेश व जिला सिरमौर से संबंधित व्यक्तियों के लिए यदि लापता हालत में हो तो जिला प्रशासन सिरमौर ने हेल्पलाइन जारी की है। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने कहा कि जिला आपदा प्रबंधन जिला सिरमौर के तहत नेपाल जल त्रासदी के बीच यदि जिला सिरमौर से भी कोई व्यक्ति नेपाल में लापता है अथवा किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता है तो इसकी सूचना जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम 1077 पर दी जा सकती है। इसके अलावा राज्य आपदा कंट्रोल रूम हिमाचल प्रदेश जिसके लिए 1070 नंबर पर, जबकि मोबाइल नंबर 7018709700 के अलावा संपर्क कार्यालय उपायुक्त सिरमौर में भी सूचना दी जा सकती है। उन्होंने बताया कि यदि ऐसे लापता व्यक्ति नेपाल में कोई है तो व्यक्ति का नाम, पता, मोबाइल नंबर व नेपाल में अंतिम ज्ञान स्थान उपलब्ध करवाया जाए, ताकि कार्रवाई अमल में लाई जा सके।

फिलहाल कोई मामला नहीं
सिरमौर जिला में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है कि नेपाल त्रासदी के बीच कोई व्यक्ति वहां पर हो। अभी तक प्रशासन के पास किसी के वहां होने की सूचना नहीं है, पर यदि कोई है तो वह संपर्क कर सकता है।

288 भारतीय गायब, संकट में होगी हर संभव मदद
नेपाल आपदा पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा नेपाल में 288 भारतीय नागरिक अभी संपर्क में नहीं हैं। इसमें 73 नागरिक वहां पर एक पावर प्रोजेक्ट में काम कर रहे थे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत ने दो विमानों में मानवीय सहायता नेपाल भेजी है। ऐसे में अब हर राज्य और जिला प्रशासन हरकत में आ गया है और अपने-अपने नागरिकों का पता लगाया जा रहा है। इसी के तहत जिलाधीश सिरमौर ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, ताकि संकट में मदद हो जाए।