लेबर कोड-एफटीए के खिलाफ झांसी पार्क में प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
एफटीए और केंद्र सरकार के चार लेबर कोड के विरोध में सोमवार को नाहन के झांसी पार्क में सैकड़ों मजदूरों और किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। सीटू, हिमाचल किसान सभा, मिड-डे-मील वर्कर्स यूनियन, एटक और संयुक्त किसान संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ रोष जताया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चारों लेबर कोड वापस लेने और एफटीए रद्द करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, जिस पर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोक-झोंक हुई। मजदूर-किसानों ने पीछे हटने से इनकार करते हुए रास्ते में बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। संयुक्त किसान मोर्चा के अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर और सीटू जिला महासचिव आशीष कुमार ने कहा कि चार लेबर कोड के जरिए मजदूरों के न्यूनतम वेतन, काम के घंटे, यूनियन बनाने के अधिकार, नौकरी की सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा जैसे अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान हिमाचल किसान सभा जिला महासचिव धनी राम, जिला अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष सतपाल मान, सीटू जिला उपाध्यक्ष इंदु तोमर, श्यामा, देव कुमारी, निर्मला, मिड-डे-मील वर्कर्स यूनियन जिला अध्यक्ष विनीत, महासचिव संदीप, सुदेश, सीटू जिला सचिव वीरेंद्र, एटक जिला उपाध्यक्ष हेमराम सहित सैकड़ों मजदूर-किसानों ने भाग लिया। इसके अलावा संयुक्त किसान सभा के संयोजक गुर बहादुर सिंह गोपी, सनी, नैन सिंह, राजेंद्र, दिनेश सहित अनेक किसान नेता और कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में शामिल रहे।