गड्ढों में भर गया बरसात का पानी, साथ लगते मकान गिरने के कगार पर, ग्रामीणों की जल्द निर्माण की मांग
नगर संवाददाता-ऊना
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के तहत लोअर बसाल (ठाकुरद्वारा) में नालों का अधूरा काम लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा सडक़ किनारे नालों का निर्माण किया जा रहा है, लेकिन किसी विवाद के चलते उक्त काम को बीच में ही छोड़ दिया गया है। अब हालात यह है कि नाला बनाने के लिए जमीन की खुदाई की गई है, जिसमें बरसात का पानी भरा पड़ा है। जिससे साथ लगते मकानों पर गिरने का खतरा बना हुआ है। उक्त हालात काफी समय से बने हुुए है।
ग्रामीणों का कहना है कि जितनी जमीन पर खुदाई कर दी गई है, वहां नाला बनाकर समस्या का समाधान किया जाए। बीडीसी वाईस चेयरमैन महिंद्रपाल, जगीरी लाल, राममूर्ति, पवन कुमार, शंकर दास, किशन चंद, बलबंत कुमार, जोगिंद्र, कुलदीप कुमार आदि ने कहा कि बसाल-नारी मार्ग पर पेट्रोल पंप के सामने लोअर बसाल में लोक निर्माण विभाग द्वारा बरसाती पानी की निकासी के लिए नाला बनाने का काम शुरु किया था। ठेकेदार द्वारा नाला बनाने के लिए खुदाई कर दी है, लेकिन वहां पर नाला नहीं बनाया गया। नाला नहीं बनाए जाने से गडढों में पानी भर गया है। इससे कोई बच्चा या अन्य व्यक्ति इसमें गिरकर हादसे का शिकार हो सकता है। वहीं इनके मकानों के गिरने का भी खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि जिस हिस्से में खुदाई की गई है, वहां जल्द से जल्द नाले का निर्माण पूरा किया जाए, ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
नाले का निर्माण जल्द पूरा करे लोक निर्माण विभाग
बीडीसी वाईस चेयरमैन महिंद्रपाल ने मांग उठाई है कि लोक निर्माण विभाग नाले के अधूरे पड़े काम को पूरा करें। अगर उक्त ठेकेदार काम नहीं कर रहा है तो किसी अन्य ठेकेदार को काम दिया जाए। ताकि लोगों की समस्या का समाधान हो सके।
लोक निर्माण विभाग द्वारा लोअर बसाल में सडक़ व नाला बनाने का काम किया जा रहा है। किसी विवाद के कारण काम को रोका गया है। विभाग द्वारा नाला बनाने के लिए खोदे गडढे को भरने के लिए जेसीवी भेजी थी, लेकिन ग्रामीणों ने गडढा नहीं भरने दिया। विभाग द्वारा लोगों को नोटिस भी सर्व किए गए है।
अभिनंदन ठाकुर,सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग बसाल।