दिव्यांगजनों की मेहनत से सजी राखी प्रदर्शनी

शिवा स्कूल में दिखी रचनात्मकता की चमक, छात्रों के लिए शुरू हुआ विशेष कोर्स

स्टाफ रिपोर्टर – घुमारवीं
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर शिवा इंटरनेशनल स्कूल में चेतना संस्था के सौजन्य से राखी प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में दिव्यांगजनों द्वारा स्वयं तैयार की गईं रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियां प्रदर्शित की गईं। दिव्यांगजनों ने अपनी रचनात्मकता, मेहनत और हुनर का परिचय देते हुए विभिन्न डिजाइनों की राखियां तैयार की थीं।

इसी अवसर पर चेतना संस्था के सौजन्य से विद्यालय में विशेष स्किल कोर्स की भी शुरुआत की गई। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को व्यक्तिगत सुरक्षा, सडक़ सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा, प्राथमिक चिकित्सा, स्वस्थ जीवनशैली, इंटरनेट सुरक्षा, भावनात्मक कल्याण और आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा जैसे महत्त्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जाएगी।

किताबी ज्ञान से परे व्यावहारिक शिक्षा

कार्यक्रम का शुभारंभ चेतना संस्था के डायरेक्टर अरुण गौतम, विशेष शिक्षिका विपाशा ठाकुर और प्रोग्राम ऑफिसर पवन कुमार की उपस्थिति में हुआ। विद्यालय के प्रबंधक इंजीनियर पुरुषोत्तम शर्मा और प्रधानाचार्या डा. शिल्पा गोयल ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं है।