सेना, पुलिस जवानों को बांधी राखी

कार्यालय संवाददाता-नाहन
भाई-बहन के पावन स्नेह का त्योहार रक्षाबंधन जिला भर में शुक्रवार को श्रावण पूर्णिमा अवसर पर श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान जिला भर में बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर सुंदर व आकर्षक डिजाइनों की राखियां सजाई। वहीं भाइयों से आर्शीवाद प्राप्त किया। इस कड़ी में जिला मुख्यालय नाहन में गोरक्षनाथ राजकीय संस्कृत महाविद्यालय नाहन की शास्त्री अंतिम वर्ष की छात्राओं ने छावनी स्थित आर्मी एरिया में सेना के जवानों, पुलिस लाइन में पुलिस कर्मचारियों व जवानों, अग्रिशमन सहित ड्यूटी पर तैनात भाइयों को रक्षा सूत्र बांधे व उनकी लंबी व स्वस्थ उम्र की कामना की।

उधर ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय नाहन की सदस्यों ने जिला के अधिकारियों, मीडिया कर्मियों को रक्षा सूत्र बांधकर परंपरा का निर्वहन किया। उधर रक्षाबंधन के पावन पर्व पर एचआरटीसी बसों में महिला यात्रियों को नि:शुल्क यात्रा का लाभ मिला। जिसके चलते निगम की सभी बसों में रूटों पर महिला यात्रियों की संख्या शुक्रवार को रक्षाबंधन के दिन बढ़ी हुई दर्ज हुई। अड्डा प्रभारी नाहन अनिल कुमार व सह-अड्डा प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन सूर्योदय से लेकर सूर्यास्त तक महिलाओं को नि:शुल्क यात्रा का लाभ प्रदान किया गया है।