जयकारों वाले मंदिर में पसरा सन्नाटा, आरोपी की तलाश में पुलिस
निजी संवाददाता – भोरंज
उपमंडल भोरंज के गांव बालोड़ में मंदिर में घुसकर अज्ञात व्यक्ति ने तबाही मचाई है। मंदिर के अंदर रखा हुआ सामान पूरी तरह से बिखेर दिया गया तथा शिवलिंग को तहस नहस कर दिया है। यह मंदिर सैकड़ों लोगों की कुलदेवी है तथा इसके प्रति गहरी आस्था है। यहां पर दुर्गा माता, गणेश भगवान, शिवलिंग आदि स्थापित किए गए हैं। सावन महीने में इस मंदिर में शिवलिंग का जलाभिषेक करने के लिए भक्त पहुंचते रहे। बताया जा ता है कि बीते रविवार को इस मंदिर में तोडफ़ोड़ की गई है। हालांकि मंदिर से कोई सामान चोरी नहीं हुआ है लेकिन तोडफ़ोड़ का इरादा चोरी जरूर हो सकता है। शरारती तत्वों ने मंदिर परिसर में लगी टाइलें तोड़ डाली है तथा मूूर्तियों से छेड़छाड़ की है।
घटना के बाद क्षेत्र में रोष का माहौल है। मंदिर में तोड़-फोड़ की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मंदिर परिसर में साक्ष्यों और अन्य पहलुओं को खंगाल रही है, ताकि तोडफ़ोड़ करने वालों का पता लगाया जा सके। स्थानीय लोगों ने मंदिर में हुई इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस से आरोपियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
मामला दर्ज कर शुरू की जांच
पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मंदिर में तोडफ़ोड़ की शिकायत पुलिस को मिली है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की जांच की जा रही है।