छात्र संघ चुनाव बहाल करो, फीस वृद्धि वापस लो

एबीवीपी का बिलासपुर कालेज गेट पर धरना-प्रदर्शन, सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी

निजी संवाददाता-चांदपुर
छात्र संघ चुनाव बहाल करने और विद्यार्थियों पर की गई फीस वृद्धि वापस लेने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की बिलासपुर जिला इकाई ने मंगलवार को बिलासपुर कॉलेज के गेट के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को तत्काल हल करने की मांग उठाई। धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश में लंबे समय से छात्र संघ चुनाव नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं को उचित मंच पर उठाने में दिक्कत हो रही है।

एबीवीपी ने मांग की कि हिमाचल प्रदेश में छात्र संघ चुनाव तत्काल प्रभाव से बहाल किए जाएं, ताकि विद्यार्थी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेकर अपनी समस्याओं और मांगों को मजबूती से उठा सकें। एबीवीपी ने विद्यार्थियों पर थोपी गई फीस वृद्धि का भी विरोध किया। संगठन का कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच फीस में वृद्धि विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। कार्यकर्ताओं ने सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन से फीस वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग की। जिला संयोजक देवार्य टाडू ने कहा कि एबीवीपी छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि छात्र संघ चुनावों की बहाली और फीस वृद्धि वापस लेना विद्यार्थियों के हित से सीधे जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे हैं। संगठन विद्यार्थियों की आवाज को दबने नहीं देगा और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल शिक्षा प्राप्त करने तक सीमित नहीं रखा जा सकता, बल्कि उन्हें अपनी समस्याओं को लोकतांत्रिक तरीके से उठाने का अधिकार भी मिलना चाहिए।