हरोली ब्लॉक इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने एसपी सचिन हिरेमथ को बताई मांगें; औद्योगिक सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और नशा निवारण सहित कई मुद्दों पर चर्चा
कार्यालय संवाददाता-टाहलीवाल
हरोली ब्लॉक इंडस्ट्रीज एसोसिएशन द्वारा एसपी ऊना सचिन हिरेमथ के साथ एक संवादात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश कौशल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल द्वारा एसपी को पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। बैठक में 30 से अधिक उद्यमियों ने भाग लिया और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखा। एसोसिएशन अध्यक्ष राकेश कौशल ने स्वागत संबोधन में हरोली-टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र में औद्योगिक सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, कानून-व्यवस्था तथा समग्र सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित विभिन्न विषयों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने पंजाब सीमा से सटे इस महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने पर जोर दिया। एसोसिएशन ने टाहलीवाल पुलिस थाना को पर्याप्त पुलिस बल एवं आवश्यक संसाधनों से मजबूत किए जाने की मांग रखी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सचिन हिरामठ द्वारा कार्यभार संभालने के बाद आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध की गई प्रभावी कार्रवाई की सराहना भी की गई। बैठक में उन औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता जताई गई, जिन्हें बैंकों द्वारा अपने कब्जे में लिए जाने के बाद लंबे समय से असुरक्षित एवं लावारिस स्थिति में छोड़ दिया गया है।
उद्यमियों ने कहा कि ऐसी इकाइयां चोरी एवं सेंधमारी का आसान निशाना बन सकती हैं, टाहलीवाल से बाथड़ी जाने वाली सडक़ के चौराहे तथा बाथड़ी में नयासा की ओर जाने वाली सडक़ के प्रवेश बिंदु पर बसों द्वारा की जा रही बेतरतीब पार्किंग का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठाया गया। एसोसिएशन ने ट्रक यूनियनों द्वारा औद्योगिक प्रतिष्ठानों को उनके माध्यम से ही माल परिवहन कराने के लिए कथित रूप से बनाए जा रहे दबाव एवं प्रतिबंधात्मक व्यवस्था का मुद्दा भी पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखा। इस विषय को प्रचलित कानून तथा माननीय हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के निर्णयों के अनुरूप निष्पक्ष रूप से हल करने का अनुरोध किया गया। इस दौरान मिडास केयर को पेश आ रही कठिनाइयों पर भी विशेष रूप से चर्चा हुई। इस सामाजिक पहल को आगे बढ़ाने के लिए उद्योगपति दीप नारायण ने से ही जागरूकता अभियान शुरू करने की पेशकश की। एसपी सचिन हिरेमथ ने सभी उद्यमियों को रचनात्मक एवं उपयोगी संवाद के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों पर उचित विचार किया जाएगा और उनके समाधान के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे। औद्योगिक प्रतिष्ठानों में प्रवासी श्रमिकों के उचित सत्यापन की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में नागेंद्र सिंह, आरसी तनेजा, राजन शर्मा, वीरेंद्र शर्मा, रमेश कुमार, प्रदीप कुमार, जसपाल सिंह, बिबास शर्मा, रमन कौशल, केवल सिंह, राजवीर सिंह, दलजीत सिंह, सुरेश कुमार सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति उपस्थित रहे। सभी ने अपनी बात रखी।