विकासनगर में धंसी सडक़, तीन घरों पर मंडराया खतरा

मल्याणा, चक्कर, सिमिट्री, भट्ठाकुफर, चमियाणा और भराड़ी में लैंड स्लाइड से सडक़ें बंद, लोग परेशान

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी शिमला में मंगलवार को भी लगातार हो रही बारिश ने शहर की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के बीच शहर के अलग-अलग हिस्सों में लैंडस्लाइड और सडक़ें क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं सामने आई हैं। विकासनगर, मल्याणा, चक्कर, भ_ाकुफर, चमियाणा और भराड़ी क्षेत्र में भूस्खलन से लिंक सडक़ों को नुकसान पहुंचा है। कई जगह मलबा आने के कारण संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं।

इससे स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। स्थिति को देखते हुए नगर निगम की टीमें मौके पर उतर गई हैं और बंद पड़े लिंक रोड को खोलने के लिए युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया गया है। वहीं विकास नगर में सडक़ धंसने से यहां पर तीन घरों को खतरा बना हुआ है। खैर अधिकारियों का कहना है कि यहां पर तिरपाल बिछाए गए हैं। ऐसे में यहां पर बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। लगातार बारिश के बीच मंगलवार को महापौर सुरेंद्र चौहान ने शहर के विभिन्न वार्डों का दौरा कर बरसात से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने क्षतिग्रस्त सडक़ों, डंगों और अन्य सार्वजनिक स्थानों का मौके पर निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू करने के निर्देश दिए।

संवेदनशील क्षेत्रों पर निगरानी जरूरी

महापौर ने कहा कि लगातार हो रही बारिश को देखते हुए शहर के संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने की जरूरत है। किसी भी सडक़, डंगे या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचने की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंचे और स्थिति के अनुसार तुरंत कार्रवाई करे।