छोटे बच्चों की सुरक्षा पर हर समय खतरा, लोगों ने अपने आप बनाई सुरक्षा दीवार
निजी संवाददाता-चंडी
दून विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बाडिय़ां पट्टा महलोग स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला बडैहरी में भूस्खलन के कारण स्कूल का मुख्य रास्ता और सुरक्षा दीवार पूरी तरह बदहाल हो चुकी है। वर्ष 2023 की भयंकर प्राकृतिक आपदा के दौरान यहां जमीन खिसकने से स्कूल की दीवार ढह गई थी। हालांकि स्कूल प्रशासन ने अपने स्तर पर अस्थायी तौर पर इसे दुरुस्त करवाया था, लेकिन लोक निर्माण विभाग की अनदेखी के चलते आज भी स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। लोक निर्माण विभाग ने सुरक्षा दीवार के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया तो शुरू की थी, लेकिन अज्ञात कारणों से धरातल पर काम आज तक शुरू नहीं हो सका। वहीं, वर्ष 2025 की बरसात में दोबारा हुए भूस्खलन के कारण रास्ता पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर खतरनाक मोड़ पर पहुंच चुका है। उल्लेखनीय है कि इस प्राथमिक विद्यालय में प्री-प्राइमरी कक्षाएं भी संचालित हो रही हैं, जिससे छोटे-छोटे बच्चों की सुरक्षा पर हर समय खतरा मंडराता रहता है।
शासन-प्रशासन की सुस्ती के बीच स्कूल में तैनात अंशकालिक सेवादार महिंदर सिंह और स्थानीय निवासी संजू जोहड़ जी बच्चों की ढाल बनकर सामने आए। महिंदर सिंह 60 प्रतिशत शारीरिक दिव्यांगता के बावजूद पीछे नहीं हटे। स्थानीय ग्रामीणों में प्रदीप ठाकुर, पुनीत, दीपक, प्यारे लाल ठाकुर, भागी राम, बाबू राम, नीम दत्त, राजू और ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार, दून के माननीय विधायक राम कुमार चौधरी तथा लोक निर्माण विभाग से पुरजोर अपील की है कि राजनीति और विभागीय कागजी कार्रवाई से ऊपर उठकर तुरंत बडैहरी स्कूल के रास्ते व सुरक्षा दीवार के लिए पक्का निर्माण कार्य शुरू किया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय विभाग को तुरंत संज्ञान लेना चाहिए।