गांवपानी के समीप 50 मीटर क्षेत्र में लगातार धंस रही जमीन, सरपारा पंचायत के पांच गांवों की आवाजाही प्रभावित
वरिष्ठ संवाददाता-रामपुर बुशहर
उपमंडल रामपुर की समेज-सरपारा सडक़ गांवपानी के समीप एक बार फिर भूमि धंसने से यातायात के लिए बाधित हो गई है। सडक़ के भूस्खलन प्रभावित करीब 50 मीटर क्षेत्र में जमीन धंसने का सिलसिला लगातार जारी है। सडक़ बंद होने से सरपारा पंचायत के पांच गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है। स्थानीय लोगों के साथ बागबानों की परेशानी भी बढ़ गई है। क्षेत्र में इन दिनों सेब सीजन शुरू हो गया है। ऐसे में सडक़ बंद होने से बागबानों को सेब की फसल मंडियों तक पहुंचाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
लोगों को ब्लॉक प्वाइंट से पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सडक़ गांवपानी के समीप पहले भी लगातार भूस्खलन की चपेट में आती रही है। बीते वर्ष भी सडक़ करीब चार माह तक बंद रही थी। स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग से सडक़ का स्थायी समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि महज मलबा हटाकर सडक़ बहाल करने से समस्या दूर नहीं होगी। करीब 50 मीटर क्षेत्र में लगातार जमीन धंसने के कारण भूवैज्ञानिक और तकनीकी जांच करवाकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने जरूरी हैं।
पांच गांवों के लोगों की बढ़ी परेशानी
सरपारा पंचायत के प्रधान इंद्र खुराना ने कहा कि गांवपानी के पास बार-बार भूस्खलन होना पंचायत के लिए चिंता का विषय है। लोक निर्माण विभाग की ओर से समस्या का स्थायी समाधान न किए जाने के कारण पंचायत के पांच गांवों के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार और विभाग से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है।
सरपारा पंचायत की ओर जाने वाली सडक़ बंद होने की सूचना मिलते ही विभागीय कर्मचारियों को मौके पर भेज दिया गया है। जल्द ही सडक़ को दुरुस्त कर यातायात बहाल किया जाएगा, ताकि लोगों को परेशानी न हो।
ंकुश जमवाल, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग रामपुर