मंत्री हर्षवर्धन चौहान बोले; सडक़, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल सुविधाओं पर जोर, 19 करोड़ से बन रहा 100 बिस्तरों का आधुनिक अस्पताल
निजी संवाददाता-शिलाई
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र को विकास की नई दिशा देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। सडक़, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए करीब 400 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। अधिकांश परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है। उद्योग मंत्री रविवार को ग्राम पंचायत टिटियाना में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक गांव तक बेहतर सडक़ संपर्क, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुदृढ़ स्वास्थ्य सेवाएं और पेयजल सुविधाएं पहुंचाना है। शिलाई में करीब 19 करोड़ रुपए की लागत से 100 बिस्तरों वाले आधुनिक नागरिक अस्पताल भवन का निर्माण जारी है। उन्होंने कहा कि निर्माण पूरा होने के बाद इसे जनता को समर्पित किया जाएगा।
शिलाई अस्पताल में प्रतिदिन करीब 350 से 400 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं और विशेषज्ञ चिकित्सकों समेत 10 डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं। मंत्री ने बताया कि कमरऊ, सतौन, चांदनी और कोटा पाब में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि कांटीमश्वा पीएचसी का लोकार्पण किया जा चुका है। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सक और फार्मासिस्ट तैनात हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए स्कूलों में आधारभूत ढांचे और आधुनिक शिक्षण सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। कार्यक्रम में मंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मांगों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।