शिवालिक वैली स्कूल के छात्रों चमकाया नाम

योग प्रतियोगिता में तीन छात्रों ने जीते कांस्य पदक, अन्य ने भी हासिल किए बेहतर स्थान

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नालागढ़
शिवालिक वैली स्कूल के विद्यार्थियों ने 23वीं जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विभिन्न आयु वर्गों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी योग प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 14 से 16 वर्ष आयु वर्ग में मानवी, 12 से 14 वर्ष में प्रिधि और 10 से 12 वर्ष आयु वर्ग में भार्गवी ने कांस्य पदक हासिल किए।

वहीं, सबरीन, सूर्यांश भारद्वाज, आर्यन मिन्हास और ओजस रतन ने चौथा स्थान प्राप्त किया। आरोही राणा और अवनी चौहान पांचवें स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्यातिथि केएल ठाकुर ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या कविता बंसल ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए योग प्रशिक्षक ममता के मार्गदर्शन और बच्चों की मेहनत की सराहना की। विद्यालय प्रबंधन ने भी विद्यार्थियों के प्रदर्शन पर खुशी जताई।