‘बंटवारा 1947’ की रिलीज से पहले सनी देओल ने राजकुमार संतोषी संग किया कोलकाता के विक्टोरिया मेमोरियल का दौरा

आमिर खान प्रोडक्शंस की ‘बंटवारा 1947’, जिसमें शबाना आजमी, सनी देओल और प्रीति जिंटा लीड रोल में नजर आएंगे, टीजर, गानों और दमदार ट्रेलर के रिलीज होने के बाद से ही दर्शकों के बीच काफी चर्चा में है। भारत के बंटवारे की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म उपमहाद्वीप के इतिहास के सबसे मुश्किल दौर में इंसानियत, करुणा और हिम्मत की भावुक कहानी पेश करती है। जैसे-जैसे फिल्म की रिलीज डेट करीब आ रही है, फिल्म की कास्ट और क्रू अलग-अलग शहरों में जाकर जोर-शोर से इसका प्रमोशन कर रहे हैं।

प्रमोशनल टूर के कोलकाता पड़ाव के दौरान सनी देओल पश्चिम बंगाल के आइकॉनिक विक्टोरिया मेमोरियल पहुंचे। खास बात यह है कि सनी देओल का यह कोलकाता का पहला दौरा है। उन्होंने निर्देशक राजकुमार संतोषी के साथ तस्वीरें और वीडियो शेयर किए, जिसमें दोनों को कोलकाता की मशहूर पीली टैक्सी के पास विक्टोरिया मेमोरियल को बैकग्राउंड में रखते हुए पोज करते देखा गया। वीडियो में सनी देओल कहते हुए सुनाई दिए, “हिम्मत के आगे जीत है, डर के आगे नहीं,” साथ ही उन्होंने लंबे समय बाद कोलकाता लौटने पर अपनी खुशी जाहिर की और फैंस को याद दिलाया कि ‘बंटवारा 1947’ सिर्फ दो दिन बाद सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

अपनी पोस्ट शेयर करते हुए सनी देओल ने लिखा, “सिटी ऑफ जॉय! लंबे समय बाद कोलकाता वापस आकर बहुत अच्छा लग रहा है! #Batwara1947 अब सिर्फ 2 दिनों में आप सभी की होने वाली है 🙌🏽”

https://www.instagram.com/p/Db7_W7jieCd/?img_index=2&igsh=YWk2YzQ0Z2FxN3A%3D

‘बंटवारा 1947’ में शबाना आजमी, सनी देओल, प्रीति जी. जिंटा, करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह जैसे शानदार कलाकार नजर आएंगे। खास बात यह है कि फिल्म करीब तीन दशक बाद राजकुमार संतोषी और सनी देओल की मच अवेटेड जोड़ी को एक बार फिर साथ लेकर आ रही है।

आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी ‘बंटवारा 1947’ का निर्देशन नेशनल अवॉर्ड विनिंग फिल्ममेकर राजकुमार संतोषी ने किया है। फिल्म का म्यूजिक ए. आर. रहमान ने कंपोज किया है, जबकि इसके गाने जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फिल्म को आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है और यह पार्टिशन डे यानी 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।