कमिशनर ने लिया सफाई व्यवस्था का जायजा

वार्ड-17 में सफाई के लिए किया दौरा, आयुक्त ने दिए नियमित कूड़ा उठाने के निर्देश

निजी संवाददाता, सोलन
नगर निगम सोलन के आयुक्त ने मंगलवार को शहर के वार्ड नंबर 17 के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था और कूड़ा उठाने की स्थिति का जायजा लिया। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर के किसी भी क्षेत्र में कूड़ा जमा नहीं होना चाहिए और सफाई व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने मोटर मार्केट, टीसीपी कार्यालय, न्यू हॉस्पिटल बिल्डिंग के समीप, वेयरहाउस के पास, जेल प्वाइंट तथा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, बसाल सहित वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। उनके साथ सहायक अभियंता , कनिष्ठ अभियंता , सैनिटरी सुपरवाइजर और सफाई कर्मचारी भी मौजूद रहे।

आयुक्त ने मौके पर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने के साथ-साथ कूड़ा उठाने के लिए निर्धारित व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने फील्ड स्टाफ से उनके क्षेत्रों में नियमित सफाई और कूड़ा उठाने की स्थिति की जानकारी ली। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक क्षेत्र में निर्धारित समय के अनुसार कूड़ा उठाया जाए और खुले स्थानों पर कचरा जमा न होने दिया जाए। आयुक्त ने कहा कि सफाई व्यवस्था केवल सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आयुक्त को वार्ड में सफाई व्यवस्था से संबंधित स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहर में सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए नियमित रूप से फील्ड निरीक्षण किए जाएंगे। इन निरीक्षणों के माध्यम से सफाई कर्मचारियों की कार्यप्रणाली, कूड़ा उठाने की व्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता की समीक्षा की जाएगी। निगम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर में कहीं भी कूड़ा जमा होने की स्थिति उत्पन्न न हो।