ओपीएस कर्मचारियों की मांग जायज

दो सितंबर के धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए नाहन में ,विघुत बोर्ड कर्मचारियों की अहम बैठक

दिव्य हिमाचल ब्यूरो -नाहन
नाहन इलेक्ट्रिकल डिवीजन एवं इलेक्ट्रिकल सर्कल नाहन में हिमाचल प्रदेश राज्य विघुत बोर्ड कर्मचारी यूनियन के आगामी दो सितंबर को शिमला में होने वाले धरना-प्रदर्शन को लेकर एक महत्त्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेंशन फोरम धौलाकुआं के अध्यक्ष भगवान दास चौधरी, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड कर्मचारी यूनियन के राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील चौधरी, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड कर्मचारी यूनियन पांवटा इकाई के अध्यक्ष इम्तियाज हाशमी, नाहन इकाई के संजू राम तथा अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी साथियों ने भाग लिया। बैठक में आगामी दो सितंबर को शिमला में आयोजित होने वाले धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान कर्मचारियों एवं अधिकारियों की विभिन्न मांगों, उनके अधिकारों तथा संगठन की एकजुटता को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में कर्मचारियों की पुरानी पेंशन योजना को बहाल करवाना प्रमुख मांग के रूप में सामने आया। पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली सहित अन्य जायज मांगों को लेकर दो सितंबर को शिमला में मजबूती से आवाज उठाई जाएगी। बैठक में विशेष रूप से नाहन इलेक्ट्रिकल डिवीजन एवं इलेक्ट्रिकल सर्कल से अधिक से अधिक संख्या में कर्मचारियों एवं अधिकारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। सभी पदाधिकारियों ने कर्मचारियों से अपील की कि वह दो सितंबर को शिमला पहुंचकर अपनी एकजुटता का परिचय दें और पुरानी पेंशन बहाली सहित कर्मचारियों के अन्य अधिकारों एवं जायज मांगों की आवाज को बुलंद करें। बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारियों ने विश्वास दिलाया कि दो सितंबर के धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए नाहन से अधिक से अधिक संख्या में कर्मचारी एवं अधिकारी शिमला पहुंचेंगे और पुरानी पेंशन बहाली की मांग को मजबूती से उठाएंगे।