बारिश में स्पेल स्कूल का जर्जर स्लेटपोश भवन ढहा

रात में गिरा असुरक्षित स्कूल भवन, दिन में होता तो हो सकता था बड़ा हादसा

निजी संवाददाता- नगरोटा सूरियां
सोमवार रात हुई भारी बारिश के कारण राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला स्पेल का स्लेटपोश भवन गिर गया। गनीमत रही कि हादसा रात के समय हुआ, अन्यथा दिन में यहां बच्चों के मौजूद होने से बड़ा हादसा हो सकता था। बताया जा रहा है कि इस भवन को पहले ही असुरक्षित घोषित किया जा चुका था। इसके बावजूद स्कूल में जगह की कमी के कारण इसमें फर्नीचर और जिम का सामान रखा हुआ था, जो भवन गिरने से क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों और स्कूल प्रबंधन समिति की ओर से लंबे समय से स्कूल भवन के निर्माण के लिए बजट उपलब्ध करवाने की मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

स्कूल में करीब 100 विद्यार्थी और 16 अध्यापक हैं, जबकि यहां केवल तीन ही कमरे उपलब्ध हैं। कला, वाणिज्य की कक्षाएं भी एक ही कमरे में चलानी पड़ती हैं। प्रधानाचार्य और स्टाफ के लिए भी अलग कमरा नहीं है। अध्यापकों ने अपनी जेब से पैसे खर्च कर टीन शेड तैयार किया है, जहां विद्यार्थियों की कक्षाएं लगाई जाती हैं। प्रधानाचार्य उत्तम सिंह ने बताया कि उन्हें यहां आए करीब दो माह हुए हैं और भवन निर्माण को लेकर विभाग से पत्राचार किया गया है, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। लोगों ने सरकार, शिक्षा विभाग से स्कूल के लिए जल्द सुरक्षित भवन उपलब्ध करवाने की मांग की है।