विधायक बोले, लोगों की मांग पर डेरा बाबा रूद्रानंद धाम नारी से बिलासपुर एम्स के लिए जल्द चलेगी बस
कार्यालय संवाददाता-बंगाणा
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की जनता को बेहतर एवं आधुनिक सरकारी परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने की दिशा में बुधवार को एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। ऊना बस स्टैंड से कुटलैहड़ क्षेत्र के विभिन्न कस्बों के लिए तीन नई इलेक्ट्रिक बसों को विधायक विवेक शर्मा ने जिलाधीश ऊना जतिन लाल के साथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से कुटलैहड़ क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है। बस सेवा शुरू होने पर क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है और कुटलैहड़ कांग्रेस कमेटी ने भी इसका स्वागत किया है। इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों तक बेहतर परिवहन सुविधाएं पहुंचाई जाएं। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के लोगों को सरकारी बसों की बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि नई इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से विद्यार्थियों, कर्मचारियों, बुजुर्गों, महिलाओं और आम यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा।
सरकार पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों को आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है, कुटलैहड़ कांग्रेस कमेटी ने भी तीन नई इलेक्ट्रिक बसें चलाने के लिए विधायक विवेक शर्मा का आभार जताया। कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विवेक मिंका, महासचिव दिनेश खत्री, पूर्व अध्यक्ष राम आसरा शर्मा, महासचिव इकबाल सोनी, प्रधान रमेश बंगा सहित दर्जनों कांग्रेस नेताओं ने विधायक के समक्ष कुटलैहड़ से बिलासपुर एम्स अस्पताल के लिए भी सरकारी इलेक्ट्रिक बस चलाने की मांग रखी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कुटलैहड़ के प्रसिद्ध डेरा बाबा रूद्रानंद धाम नारी से बिलासपुर स्थित एम्स अस्पताल के लिए सुबह के समय सीधी सरकारी बस सेवा शुरू की जानी चाहिए। वहीं शाम के समय अस्पताल से वापसी की सुविधा उपलब्ध करवाकर बस को पुन: डेरा बाबा रूद्रानंद धाम पहुंचाया जाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कुटलैहड़ क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग उपचार और स्वास्थ्य संबंधी जांच के लिए बिलासपुर एम्स जाते हैं। सीधी बस सेवा उपलब्ध होने से मरीजों, बुजुर्गों और उनके साथ जाने वाले परिजनों को राहत मिलेगी।